बसपा प्रदेश प्रभारी ने बाढ़ प्रभावित गांवों का किया दौरा, वास्तविक सर्वे और राहत की मांग


सीहोर। विधानसभा सीहोर क्षेत्र में लगातार हुई भारी बारिश के कारण ग्राम बनखेड़ा, चरनाल एवं मानपुरा में कई ग्रामीणों के मकानों में पानी घुस गया। इससे ग्रामीणों के घरों में रखा गेहूं, कपड़े सहित जरूरत का सामान गीला होकर खराब हो गया, जिससे प्रभावित परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने के लिए बहुजन समाज पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रभारी कमलेश कुमार ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया और राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

बसपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रभावित क्षेत्रों में पटवारी द्वारा किया जा रहा सर्वे मौके पर जाकर करने के बजाय पंचायत में बैठकर किया जा रहा है, जिससे वास्तविक पीडि़त परिवार सर्वे से वंचित हो सकते हैं। वहीं क्षेत्रीय विधायक श्री स्वदेश राय द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए एक माह के राशन की घोषणा किए जाने के बावजूद ग्रामीणों के अनुसार अभी तक कोई व्यवस्था नहीं हुई है।

संजीव बौद्ध, जिला अध्यक्ष बसपा सीहोर ने विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ सोमवार को कलेक्टर महोदय से मुलाकात कर वास्तविक रूप से प्रभावित ग्रामीणों को राहत उपलब्ध कराने तथा पटवारी से मौके पर पहुंचकर सही एवं निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी सीहोर से भी चर्चा कर प्रभावित गांवों में पटवारी द्वारा पुन: मौके पर सर्वे करवाने और ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की।

इस दौरान संजीव बौद्ध जिला अध्यक्ष बसपा सीहोर, अनोखीलाल मालवीय पूर्व जिला प्रभारी, नवीन भैरवे एवं बंटी जाटव, विधानसभा प्रभारी, घीरप अहिरवार, विधानसभा अध्यक्ष; राजमल सौलकी, विधानसभा उपाध्यक्ष, राधेश्याम सौलकी, थानसिंह अहिरवार, विधानसभा कोषाध्यक्ष, देवप्रकाश वर्मा, विधानसभा महासचिव सहित मोनू अहिरवार, अखिलेश अहिरवार, पवन, भगवान सिंह, बन्ने सिंह, कमलेश अहिरवार, अलकेश सूर्यवंशी, संदीप अहिरवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments