सीहोर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जेआरसी सहयोगी संस्था विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन, जिला सीहोर द्वारा लगातार प्रभावी जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संस्था ने अब इस मुहिम में धर्मगुरुओं को भी सक्रिय रूप से जोडऩे की पहल की है, ताकि समाज में बाल विवाह रोकने का संदेश हर वर्ग तक पहुंच सके।
इसी अभियान के तहत ग्राम लसुडलिया परिहार में संस्था के जिला प्रभारी सुमित गौर के मार्गदर्शन में सीएसडब्ल्यू दीपक राठौर एवं अर्जुन परमार ने मंदिर के पुजारी को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई। धर्मगुरु ने बाल विवाह का समर्थन न करने तथा समाज को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में उपस्थित ग्रामीणों को भी बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ दिलाई गई। संस्था की टीम ने ग्रामीणों को बाल विवाह से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, भविष्य और सामाजिक जीवन पर पडऩे वाले गंभीर प्रभावों के बारे में जानकारी दी तथा बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
संस्था का संदेश स्पष्ट है कि बाल विवाह केवल एक परिवार की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। धर्मगुरुओं, ग्रामीणों और समुदाय के अन्य गणमान्य नागरिकों को इस अभियान से जोडक़र वीएसडब्ल्यूओ द्वारा गांव-गांव में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की मजबूत नींव तैयार की जा रही है।संस्था का यह निरंतर प्रयास बाल विवाह मुक्त समाज के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

0 Comments