सीहोर। मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ ने लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन द्वारा कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाने के विरोध में 25 अगस्त 2026 से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। संघ का कहना है कि विभिन्न माध्यमों से मांगों को शासन के समक्ष रखने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है।
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष मोहन डामोर ने बताया कि कृषि विस्तार अधिकारी लंबे समय से ई-एचआरएमएस (eHRMS) प्रणाली में अनिवार्य ई-अटेंडेंस समाप्त करने, ₹2800 ग्रेड-पे प्रदान करने, अतिरिक्त केंद्र भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹5000 प्रतिमाह करने तथा पटवारियों के समान ₹4000 एग्री स्टेक भत्ता दिए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अपनी मांगों को लेकर संघ द्वारा शासन को ज्ञापन सौंपने के साथ ही ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, कलमबंद कार्य बहिष्कार तथा 21 अगस्त को भोपाल स्थित अंबेडकर पार्क में प्रांतीय धरना प्रदर्शन किया गया। इसके बावजूद शासन की ओर से मांगों के निराकरण को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
संघ के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को प्रदेशभर के कृषि विस्तार अधिकारी सामूहिक अवकाश पर रहे, लेकिन इसके बाद भी शासन द्वारा मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसके चलते संघ ने 25 अगस्त 2026 से प्रदेश के सभी कृषि विस्तार अधिकारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है।
संघ ने शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर कृषि विस्तार अधिकारियों की लंबित समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।

0 Comments