बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन यह लड़ाई बाढ़ प्रभावित परिवारों के हक और न्याय की है, उनका हक दिलाकर ही दम लेगें-राजीव गुजराती नुकसान लाखों का, कुछ ही लोगों को नाम मात्र की राशि देना ऊंट के मुंह में जीरे के समान


सीहोर। हाल ही में हुई अत्यधिक वर्षा एवं भीषण बाढ़ से सीहोर विधानसभा क्षेत्र के लगभग चार दर्जन गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बाढ़ के कारण हजारों परिवार संकट में हैं। अनेक मकान पूरी तरह अथवा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो गईं, घरों में रखा अनाज बह गया तथा छोटे दुकानदारों और पशुपालकों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

जिसको लेकर सीहोर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में सीहोर विधानसभा क्षेत्र के सीहोर, श्यामपुर, अहमदपुर एवं दोराहा ब्लाकों के अध्यक्षों के साथ बाढ़ पीडि़त महिला पुरुषों के हाथों श्यामपुर तहसील पहुंचकर तसीलदार को क्षेत्र कार्यकर्ता व ग्रामीणजनों के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत एवं मुआवजा दिलाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही नुकसान का निष्पक्ष एवं पारदर्शी सर्वे कराया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित किया जाए तथा मकान, दुकान, फसल, अनाज और पशुधन को हुए वास्तविक नुकसान का सर्वे कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा देने के साथ जिन किसानों को फसल बीमा की राशि आधी-अधूरी या कम प्राप्त हुई है, उन्हें पात्रता के अनुसार शेष राशि का भुगतान कराया जाए।

ज्ञापन में किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खाद पर लगी रोक तत्काल हटाने की मांग भी की गई। इसके अलावा बाढ़ से क्षतिग्रस्त सडक़ों, पुल-पुलियों एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की तत्काल मरम्मत, प्रभावित गांवों में बिजली व्यवस्था की शीघ्र बहाली तथा बेघर एवं प्रभावित परिवारों को आगामी कुछ महीनों तक नि:शुल्क खाद्यान्न, दाल, तेल, दैनिक उपयोग की सामग्री और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।

कांग्रेस ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए आर्थिक सहायता, किताबें एवं शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने तथा अत्यंत गरीब एवं असहाय परिवारों को अतिरिक्त सहायता देने की मांग की।

ज्ञापन में भविष्य में ऐसी आपदाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नदी-नालों के गहरीकरण, तटबंधों के निर्माण, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने सहित वैज्ञानिक एवं स्थायी बाढ़ नियंत्रण कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी रूप से लागू करने पर भी जोर दिया गया।

श्री गुजराती ने कहा कि बाढ़ पीडि़तों का लाखों का नुकसान हुआ है, कुछ लोगों को नाम मात्र की राशि देना इन परिवारों के समक्ष ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। इस आपदा की घड़ी में पार्टी पूरी मजबूती और संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार को मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राहत एवं पुनर्वास कार्य शुरू कराकर पीडि़त परिवारों को उचित राहत दिलाई जावे। साथ ही राजीव गुजराती ने यह भी चैतावनी दी है कि यदि पीडि़त परिजनों को शीघ्र राहत राशि मोहिया नही कराई गई तो यह लड़ाई उन पीडि़त परिवारों के हक और न्याय की है, उनका हक दिलाकर ही दम लेगें।

इस अवसर पर विवेक राठौर, घनश्याम यादव, रामनारायण शर्मा, कलीम पठान, पवन गुर्जर, जगदीश चौहान, सत्यनारायण भाटी, अरविन्द चौहान, मनोज परमार, घनश्याम मीणा, अफीज चौधरी, देवी सिंह तँवर, अफजल पठान, मांगीलाल पटेल, लोकेश गौर, खुमान गुर्जर, सुनीता अहिरवार, निदेश गौर, राहुल ठाकुर, सुरेन्द्र लोधी, रूपेश दांगी, सफरूद्दीन, मनीष मेवाड़ा, हरिओम सिसोदिया, हृदेश दांगी, प्रकाश चन्द शर्मा, ओम सोनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments