मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम जाजनखेड़ी में भ्रमण एवं शिविर कार्यक्रम आयोजित कलेक्टर श्री बालागुरु के. एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, सुनी समस्याएं और अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश जानकारी के अभाव में पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें - कलेक्टर कलेक्टर एसपी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निपानिया कला का निरीक्षण किया


सीहोर 29 अगस्त 2026      मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत खजुरिया कलां के ग्राम जाजनखेड़ी में भ्रमण एवं शिविर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री बालागुरु के. एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


शिविर के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव था, उनका मौके पर ही निराकरण किया गया।

ग्रामीणों की समस्याओं का गांव में ही समाधान अभियान का प्रमुख उद्देश्य

कलेक्टर श्री बालागुरु के. ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण एवं शिविर आयोजित करने का प्रमुख उद्देश्य प्रशासन को आमजन के और अधिक करीब लाना है। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय अथवा अन्य कार्यालयों तक न जाना पड़े, इसके लिए प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है।


उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों का स्थानीय स्तर पर यथासंभव निराकरण किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, सेवाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की जा रही है। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली कठिनाइयों को चिन्हित कर आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे तथा शासन की योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा सकेगा।


कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए। प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली जनसामान्य के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह होनी चाहिए। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए।

श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने ग्राम निपानिया कला में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, विद्यालय परिसर की स्वच्छता तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरु के. ने विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा शासन द्वारा विद्यार्थियों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने भी विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ से संवाद कर सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण करने और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेने का सिलसिला जारी है।

Post a Comment

0 Comments