सावन का पहला सोमवार-आज निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, सीवन तट से कुबेरेश्वरधाम तक उमड़ेगा आस्था का सैलाब शाम 4 बजे 11 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा, सेवा स्टॉलों पर श्रद्धालुओं के लिए फलाहार, पेयजल और भोजन की व्यवस्था



सीहोर। सावन माह के पावन अवसर पर शहर के सीवन नदी के तट से लेकर कुबेरेश्वरधाम तक भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। पहले सोमवार को विठलेश सेवा समिति नगर इकाई सीहोर के तत्वावधान में शाम 4 बजे सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। करीब 11 किलोमीटर लंबी इस पैदल कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।

कांवड़ यात्रा को लेकर सीवन नदी के तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता है। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री सीवन नदी से पवित्र जल भरकर कुबेरेश्वरधाम में भगवान शिव का अभिषेक करने के लिए रवाना होने की तैयारी में हैं। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और श्री शिवाय नमस्तुभ्यं के जयघोष गूंज रहे हैं।

कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग में अनेक स्थानों पर सेवा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से श्रद्धालुओं को नि:शुल्क पेयजल, चाय, फलाहार, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। समाजसेवी, धार्मिक संगठनों एवं शिवभक्तों द्वारा पूरे सेवाभाव के साथ कांवड़ यात्रियों की सेवा की जा रही है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कुबेरेश्वरधाम पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए भी भोजन प्रसादी एवं अन्य सेवा कार्य जारी रहेंगे।

भगवान पर विश्वास रखो, कर्म करना मत छोड़ो-पंडित प्रदीप मिश्रा

अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने शिवभक्तों को संदेश देते हुए कहा कि भगवान पर विश्वास रखो, लेकिन कर्म करना कभी मत छोड़ो। भगवान शिव उसी का साथ देते हैं, जो स्वयं प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और विश्वास के साथ मनुष्य को अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी पूरी निष्ठा से करना चाहिए। केवल भगवान के भरोसे बैठने के बजाय मेहनत, सेवा और अच्छे कर्मों के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफलता प्राप्त करता है।

11 किलोमीटर तक गूंजेंगे हर-हर महादेव के जयकारे

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को शिव भक्तों के द्वारा भव्य रूप से कांवड यात्रा निकाली जाएगी। सोमवार को शाम 4 बजे सीवन नदी तट से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए करीब 11 किलोमीटर की दूरी तय कर कुबेरेश्वरधाम पहुंचेगी। यात्रा के दौरान शिवभक्त भजन-कीर्तन और भगवान शिव के जयकारों के साथ आगे बढ़ेंगे। कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सेवा के लिए शहरवासियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कांवड़ यात्रा को लेकर सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक का पूरा क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर नजर आ रहा है। श्रद्धालु पवित्र जल लेकर महादेव के अभिषेक के लिए उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल होने को तैयार हैं।


Post a Comment

0 Comments