सीहोर। लूर्द माता कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बढ़ियाखेड़ी में शुक्रवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में इन्वेस्टिचर समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नवगठित छात्र परिषद को औपचारिक रूप से पद एवं दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा, विद्यालय प्रबंधक फादर प्रभु दास तिर्की, प्राचार्या सिस्टर कृपा एवं उप-प्राचार्या सिस्टर संजना सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने प्रार्थना नृत्य एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि डीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ईमानदारी, अनुशासन, साहस एवं निस्वार्थ सेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि समाज और दूसरों की सेवा करने की जिम्मेदारी है। उन्होंने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों से अपने आचरण एवं कार्यों से विद्यालय और समाज के लिए आदर्श बनने का आह्वान किया।
समारोह में हेड बॉय, हेड गर्ल, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन सहित छात्र परिषद के अन्य पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर पद की शपथ दिलाई गई। छात्र नेताओं ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
प्रबंधक फादर प्रभु दास तिर्की ने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्राचार्या सिस्टर कृपा एवं उप-प्राचार्या सिस्टर संजना ने छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए टीम भावना के साथ विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और अपने साथियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का संदेश दिया।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालते देखकर अभिभावकों ने प्रसन्नता एवं गर्व व्यक्त किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नव-निर्वाचित छात्र परिषद का उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया। अंत में आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

0 Comments