सीहोर, 17 अगस्त 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण कार्यक्रम तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा मैदानी स्तर पर योजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं, जांच सुविधाओं तथा संस्थागत प्रसव की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो और जरूरतमंदों को समय पर उपचार एवं परामर्श मिले।
बैठक में बच्चों के नियमित टीकाकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा टीकाकरण से छूटे बच्चों को चिन्हित कर उनका टीकाकरण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे और परिवार तक शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए।
जिला पोषण समिति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही पोषण सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कुपोषित एवं अति-कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी, स्वास्थ्य जांच तथा पोषण स्तर में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, पोषण आहार वितरण एवं केंद्रों के संचालन की भी नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े कार्यक्रमों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करना आवश्यक है। बैठक में सीएमएचओ डॉ सुधीर कुमार डेहरिया और डीपीओ श्री ज्ञानेश खरे सहित सभी बीएमओ एवं परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpeg)
0 Comments