सीहोर। नगर में लगातार विकास कार्यों को गति देते हुए आज पावर हाउस चौराहे पर वार्ड क्रमांक 18 में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया गया। यह सड़क सोनू चतुर्वेदी के घर से पंकज के घर तक बनाई गई है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से महसूस की जा रही सड़क की आवश्यकता पूरी हुई है।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश जैसी आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ शहर के हर वार्ड और हर नागरिक तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद सीहोर विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए आवश्यकतानुसार विकास कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी नगर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों की श्रृंखला जारी रहेगी। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद प्रदीप गौतम, सहित वार्ड क्रमांक 18 के अनेक नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
नगरवासियों ने सीसी रोड निर्माण के लिए नगर पालिका का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होगा और स्थानीय नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।

0 Comments