सीहोर, 24 अगस्त 2026 कुबेरेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा सीवन नदी घाट से जल लेकर कांवड़ के माध्यम से कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शंकर का अभिषेक किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होकर आस्था और श्रद्धा के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। यात्रा को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। कलेक्टर श्री बालागुरू के. एवं एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना द्वारा कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। दोनों अधिकारी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने कुबेरेश्वर धाम का निरीक्षण किया।
जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी गत दिवस से चौबीस घंटे ड्यूटी पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रशासन का विशेष ध्यान इस बात पर है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। कांवड़ यात्रा मार्ग के निर्धारित स्थानों पर मेडिकल कैंप स्थापित किए गए हैं। इन कैंपों में चिकित्सकों एवं चिकित्सा स्टाफ की तैनाती की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर पेयजल, पार्किंग, अस्थाई शौचालय और विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
सीवन नदी से श्रद्धालुओं को जल लेने में सुविधा हो और उन्हें नदी में उतरने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए पर्याप्त लंबी पाइप लाइन बिछाकर विभिन्न स्थानों पर नल लगाए गए हैं। इससे श्रद्धालु सुरक्षित स्थान से ही पवित्र जल प्राप्त कर कांवड़ में भरकर कुबेरेश्वर धाम की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग एवं व्यवस्थाओं का पालन करने तथा सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री तन्मय वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
0 Comments