आज निकलेगी सिद्धेश्वर बाबा की भव्य पालकी यात्रा आस्था और भक्ति से सराबोर होगा सीहोर, प्रमुख मार्गों से निकलेगी दिव्य शोभायात्रा


सीहोर। सावन मास के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर श्री सिद्धेश्वर महादेव की भव्य पालकी यात्रा आज 17 अगस्त, सोमवार को दोपहर 2 बजे स्थानीय कोतवाली चौराहे से श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रारंभ होगी।


पालकी यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मनकामेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान मनकामेश्वर महादेव की आरती की जाएगी। इसके पश्चात यात्रा पुनः मुख्य मार्ग से होते हुए कोतवाली चौराहा स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां बाबा की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ पालकी यात्रा का समापन होगा।


पालकी यात्रा समिति के संस्थापक किशोर कौशल एवं अध्यक्ष विपुल चांडक ने बताया कि यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस वर्ष भी भगवान सिद्धेश्वर महादेव की मनमोहक एवं भव्य पालकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। पालकी में विराजमान बाबा सिद्धेश्वर महादेव नगर भ्रमण कर श्रद्धालुओं को दिव्य दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान करेंगे।


सावन सोमवार के इस पावन अवसर पर पूरा नगर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजायमान होगा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा के दर्शन करने और धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।


Post a Comment

0 Comments