हर घर तिरंगा अभियान के तहत लाड़कुई महाविद्यालय में निकली तिरंगा यात्रा


सीहोर। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार एवं मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में सरदार वल्लभ भाई पटेल शासकीय महाविद्यालय, लाड़कुई में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एवं राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में तिरंगा यात्रा निकाली गई।


प्राचार्य सुश्री प्रिया अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में आयोजित तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा नागरिक कर्तव्यों की भावना जागृत करना रहा। यात्रा का शुभारंभ विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक ‘भारत माता की जय’ एवं ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ किया। देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया।


तिरंगा यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पर्व के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।


कार्यक्रम में रासेयो प्रभारी श्री देवांश बैरागी, सहायक प्राध्यापक सुश्री दिव्यानी छोकर, सुश्री निधि दिनकर, डॉ. उर्मिला सतोगिया एवं ग्रंथपाल डॉ. दीप्ति चौरसिया सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बल मिला। कार्यक्रम ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Post a Comment

0 Comments