सीहोर। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में जिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सीहोर विधानसभा क्षेत्र के अहमदपुर, चरनाल, वनखेड़ा सहित आसपास के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान और मौजूदा हालात का जायजा लिया।
बाढ़ के कारण कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है, वहीं जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनकर कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के नुकसान का शीघ्र सर्वे कराया जाए तथा पात्र परिवारों को अधिक से अधिक मुआवजा राशि जल्द उपलब्ध कराई जाए।
इस दौरान जिला कांग्रेस की ओर से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री का वितरण भी किया गया। वहीं बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त होने से आर्थिक संकट का सामना कर रहे गरीब मजदूर परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सेवा और सहयोग का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में कांग्रेस परिवार पूरी मजबूती के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और उनकी हरसंभव मदद के लिए प्रयासरत रहेगा।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर, पवन गुर्जर, वरिष्ठ नेता खुमान सिंह गुर्जर, देवी सिंह तंवर, किसान कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र लोधी, चंद्रप्रकाश शर्मा, मनीष मेवाड़ा, यश यादव, राहुल गौर, अरुण मेवाड़ा, अफजल खान, वीर सिंह दांगी सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 Comments