सीहोर। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल के तत्वावधान में शहर के स्वर्णकार समाज मंदिर परिसर में एक दिवसीय भव्य सावन मेले का आयोजन किया गया। मेले में महिलाओं और युवतियों ने विभिन्न प्रकार के चटपटे व्यंजन, आकर्षक राखियां, गिफ्ट आइटम, ज्वेलरी, कलात्मक वस्तुओं और नवाचार से जुड़े लघु उद्योग उत्पादों के स्टॉल लगाए। करीब 43 स्टॉल सजाए गए, जहां दिनभर शहरवासियों की भीड़ उमड़ती रही।
सावन मेले में खरीदारी के साथ विभिन्न आकर्षक प्रतियोगिताएं और मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। वहीं संगीत की मधुर लहरियों ने मेले के माहौल को और खुशनुमा बना दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने मेले में पहुंचकर चटपटे व्यंजनों का आनंद लिया तथा विभिन्न स्टॉलों से खरीदारी की। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी सोनम प्रिंस राठौर एवं मारवाड़ी महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती मंजू शैलेष अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने भगवान की आरती के साथ किया।
महिला सशक्तिकरण के लिए ऐसे आयोजन जरूरी-सोनल राठौर
इस अवसर पर श्रीमती सोनल प्रिंस राठौर ने कहा कि महिलाओं के हुनर और प्रतिभा को सामने लाने के लिए इस प्रकार के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके भीतर छिपी प्रतिभा को बाजार उपलब्ध कराने में ऐसे मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल घर तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने हुनर को व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ाने के अवसर मिलना चाहिए। सावन मेला महिलाओं को अपनी कला, पाक-कौशल और रचनात्मकता को लोगों तक पहुंचाने का एक अच्छा मंच प्रदान कर रहा है। सावन मेले में महिलाओं के हुनर, आत्मनिर्भरता और रचनात्मकता के साथ सावन पर्व की उमंग देखने को मिली। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।
2010 से लगातार आयोजित हो रहा सावन मेला
मंडल की पूरी टीम के सहयोग से वर्ष 2010 से लगातार सावन मेले का आयोजन किया जा रहा है। मंडल सामाजिक एवं धार्मिक सेवा गतिविधियों के साथ प्रतिवर्ष सावन मेले की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य केवल खरीदारी और मनोरंजन तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से शहरवासियों और बाहर से आने वाले स्टॉल संचालकों को ऐसा मंच उपलब्ध कराया जाता है, जहां सभी मिलकर सावन पर्व की खुशियां साझा कर सकें। इस वर्ष स्टॉल लगाने वाली महिलाओं और युवतियों में विशेष उत्साह रहा, जिसके कारण मेला पहले की अपेक्षा और अधिक ऐतिहासिक और आकर्षक नजर आया।
इंदौर, जावर, पिपरिया, भोपाल और बैरागढ़ से पहुंचे स्टॉल संचालक
अध्यक्ष मंजू शैलेष अग्रवाल, सचिव विनीता सोनी एवं कोषाध्यक्ष पुष्पा सोनी ने बताया कि इस वर्ष इंदौर, जावर, पिपरिया, भोपाल और बैरागढ़ सहित अन्य स्थानों से भी स्टॉल संचालक मेले में पहुंचे। विभिन्न शहरों से आए उत्पादों ने मेले की विविधता बढ़ाई और स्थानीय लोगों को अलग-अलग तरह के उत्पाद खरीदने का अवसर मिला। पूरी टीम के सहयोग से वर्षों से सावन मेले का आयोजन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। मारवाड़ी महिला मंडल सामाजिक और धार्मिक सेवा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ इस आयोजन को भी निरंतर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि सावन मेला अब शहर की एक ऐसी परंपरा बन चुका है, जिसका लोगों को हर साल इंतजार रहता है। महिलाओं के लिए यह आयोजन अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे से जुड़ने और सावन की खुशियां साझा करने का अवसर भी देता है। आयोजन में श्रीमती प्रेमलता रुठिया, शशि विजयवर्गीय, संगीता राठी, ज्योति रुठिया, प्रतिभा झंवर, संध्या विजयवर्गीय, ज्योति सोनी, मोना चौरसिया, इंदु भावसार, आभा कासट, राधा शर्मा, शशि अग्रवाल, गीता सोडानी, शाखा कोषाध्यक्ष पुष्पा सोनी, राजू पालीवाल, ममता पितालिया, मंजू भरतिया, सरोज सोनी, निर्मला व्यास एवं किरण सोनी सहित मंडल की अनेक सदस्याओं ने सक्रिय सहयोग किया।

0 Comments