पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित होगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह राजस्व मंत्री करेंगे ध्वजारोहण, लेंगे परेड की सलामी

सीहोर, 12 अगस्त, 2026   स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सीहोर के पुलिस परेड़ ग्राउंड पर जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के उपरांत परेड की सलामी लेंगे।

     स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस, एसएएफ, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट गाइड सहित विभिन्न टुकड़ियों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की जाएगी। ध्वजारोहण एवं परेड की सलामी के बाद समारोह में प्रातः 9:25 बजे से 9:55 बजे तक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके पश्चात राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा द्वारा नागरिकों के नाम बधाई संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में स्वतंत्रता दिवस की गरिमा के अनुरूप राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

    जिला स्तरीय समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों एवं लोकतंत्र सेनानियों को भी समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा।

     जिले के शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः 8 बजे या उससे पूर्व ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। शिक्षण संस्थाओं में मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रातः प्रभातफेरी का आयोजन भी किया जाएगा।

      स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में खेलकूद, कौशल प्रदर्शन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता से संबंधित वक्तव्य, स्वच्छता अभियान, पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरण तथा वृक्षारोपण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments