सीहोर, 03 जुलाई, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने इछावर तहसील अंतर्गत ग्राम अलीपुर एवं ग्राम बोरदी कला के शासकीय माध्यमिक विद्यालयों, कालियादेव वॉटरफॉल, ग्राम वीरपुरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान तथा इछावर लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना और सेवा का लाभ आम नागरिकों तक समय पर, पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती स्वाति मिश्रा, नायब तहसीलदार सुश्री अनामिका चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
स्कूलों का किया निरीक्षण
ग्राम अलीपुर एवं बोरदी कला में स्कूलों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने उपस्थिति रजिस्टर देखा तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली। विद्यार्थियों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति पाए जाने पर उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्कूलों का परिवेश बच्चों के अनुकूल और रूचिकर होना चाहिए। इसलिए शिक्षक ऐसा सकारात्मक, अनुशासित और प्रेरणादायी वातावरण तैयार करें कि बच्चे स्वयं उत्साह के साथ प्रतिदिन स्कूल आएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी का नियमित रूप से स्कूल पहुंचना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहली शर्त है। यदि बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आएंगे तो उनकी शैक्षणिक स्तर में भी निरंतर सुधार होगा।
कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से सतत संवाद बनाए रखें तथा जिन बच्चों की उपस्थिति कम है, उनके घर जाकर या अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम तभी संभव हैं, जब विद्यालय, शिक्षक, अभिभावक और समाज सभी मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने विद्यार्थियों से आत्मीयता से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, पसंदीदा विषयों तथा भविष्य के करियर के बारे में चर्चा की। उन्होंने बच्चों को पूरी लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने, प्रतिदिन स्कूल आने तथा समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं नियमित रूप से स्कूल आएं और साथ ही अपने आसपास के अन्य बच्चों को भी शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें भी स्कूल आने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है और यही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है।
स्कूलों में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा भोजन वितरण में स्वच्छता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
कालियादेव वॉटरफॉल का निरीक्षण
इसके पश्चात कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कालियादेव वॉटरफॉल पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के दौरान 01 जुलाई से 31 अगस्त तक वॉटरफॉल पर आमजन के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध का पूर्णतः और सख्ती के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में जलप्रवाह अचानक बढ़ जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसलिए किसी भी व्यक्ति को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
उचित मूल्य की दुकान निरीक्षण
ग्राम वीरपुरा में शासकीय उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, उपलब्ध स्टॉक तथा रजिस्टर की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इछावर लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण
इछावर लोक सेवा केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शासकीय सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएं तथा सेवा प्राप्त करने आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि लोक सेवा केंद्र आमजन और शासन के बीच विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
.jpeg)
.jpeg)
0 Comments