सीहोर। शहर के बस स्टैंड के समीपस्थ गीता मानस भवन से इस्कॉन समितिऔर गीता मानस समिति के संयुक्त तत्वाधान में शहर के विभिन्न स्थान पर भगवान जगन्नाथ यात्रा निकाली गई। नवयौवन स्वरूप में भक्तों को दर्शन देने के बाद भगवान जगन्नाथ परिवार के साथ रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले तो श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर झाड़ू लेकर साफ-सफाई कर शुभारंभ किया, इस मौके पर समिति की ओर से प्रदीप बिजौरिया आदि शामिल थे।
नपाध्यक्ष श्री राठौर ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहाकि इस्कॉन समिति एवं गीता भवन समिति द्वारा आयोजित भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा में सम्मिलित होकर प्रभु श्री जगन्नाथ, बलभद्र जी एवं माता सुभद्रा जी के दिव्य दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
यह पावन यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के प्रति हमारी आस्था का अद्भुत प्रतीक है। प्रभु श्री जगन्नाथ जी से प्रार्थना है कि वे समस्त नगरवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद प्रदान करें।
इस भव्य एवं सफल आयोजन के लिए इस्कॉन समिति, गीता भवन समिति तथा सभी श्रद्धालुओं एवं आयोजकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। रथयात्रा में चारों ओर जय जगन्नाथ और हरि बोल के जयघोष गूंजते रहे। रथ खींचने वालों में खासा उत्साह नजर आया। हर कोई रथ खींचकर पुण्य का भागीदार बनने को उत्सुक दिखा। धार्मिक और सामाजिक संगठनों के अलावा जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कई आंखें भक्तिभाव से नम नजर आई तो कई हरि बोल, हरे राम, हरे कृष्णा बोल की धुन पर झूमते नजर आए।

0 Comments