तीन दिवसीय सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण का हुआ शुभारंभ



सीहोर, 11 जुलाई, 2026    प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष सीहोर श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला न्यायालय में 11 से 13 जुलाई तक आयोजित होने वाले सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

    इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, न्याय केवल न्यायालयों में नहीं मिलता अनेक बार वह समाज के भीतर संवाद विश्वास और सहभागिता से भी स्थापित होता है। यदि प्रत्येक समुदाय में प्रशिक्षित मध्यस्थ उपलब्ध हो तो अनेक विवाद प्रारंभिक स्तर पर ही शांतिपूर्वक सुलझाये जा सकते है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल तकनीकी जानकारी देना नहीं है, बल्कि ऐसी दृष्टि विकसित करना है जो विवाद को संघर्ष नहीं, बल्कि संवाद और सहयोग का अवसर समझें। यह प्रशिक्षण केवल ज्ञान अर्जित करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक उत्तरदायित्व स्वीकार करने का अवसर भी है।

    प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री वैभव मंडलोई ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि विवादों का प्रारंभिक स्तर पर ही समाधान करने के उ‌द्देश्य से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह ने सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम की पहल से अवगत कराते हुये कहा कि म.प्र. में सर्वप्रथम यह पहल की गई है, जिसके सुखद परिणाम प्राप्त हो रहे है। समुदाय विशेष के लोग अपने समुदाय के विकास में इस पहल के माध्यम से योगदान दे सकते है।

     सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम सत्र में एमसीपीसी सीनियर ट्रेनर मोहम्मद शाहिद खान एवं सेवानिवृत्त प्रधान जिला न्यायाधीश एवं मास्टर ट्रेनर कु. भावना साधी ने मीडिएशन का महत्व, उद्देश्य एवं अन्य तकनीकी विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया।

    इस अवसर पर सीनियर ट्रेनर एम.सी.पी. सी. मोहम्मद शाहिद, मास्टर ट्रेनर सेवानिवृत्त प्रधान जिला न्यायाधीश कु भावना साधी, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री वैभव मंडलोई, विशेष न्यायाधीश श्री हेमंत जोशी, जिला न्यायाधीश श्रीमती स्मृतासिंह ठाकुर, जिला न्यायाधीश श्री एम. के. वर्मा, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सि‌द्दीकी सहित न्यायिक अधिकारीगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, विधिक सेवा कर्मचारीगण सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिभागीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments