सीहोर, 25 जुलाई, 2026 महिला एवं बाल विकास विभाग, स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट, बाल कल्याण समिति, विदिशा सोशल वेलफेयर सोसायटी तथा रेलवे सुरक्षा बल के संयुक्त दल द्वारा बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम अभियान के अंतर्गत सीहोर के रेलवे स्टेशन तथा आसपास के क्षेत्रों में नागरिकों एवं बच्चों को जागरूक किया गया। इस दौरान सीहोर रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया गया और लोगों को बाल संरक्षण एवं बाल सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई।
संयुक्त दल द्वारा विशेष रूप से जिले के बाहर से आने वाले लोगों के साथ आए बच्चों एवं उनके अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। इसके साथ ही जीआरपी के माध्यम से रेलवे स्टेशन परिसर में अनांउमेंट कर यात्रियों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही अभिभावकों को सलाह दी गई कि वे अपने बच्चों को अपने मोबाइल नंबर एवं घर का पता याद कराएं अथवा संपर्क नंबर लिखकर बच्चों की जेब में रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके परिजनों तक पहुँचाया जा सके।
संयुक्त दल ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि यदि कोई बच्चा भिक्षावृत्ति करते हुए, असहाय अवस्था में अथवा किसी प्रकार के शोषण का शिकार दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग, पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें, जिससे समय पर आवश्यक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराया जा सके।

0 Comments