सीहोर। दर्शन अकादमी द्वारा आयोजित नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों के परिजनों एवं शिक्षकों का भी अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में दर्शन अकादमी के संचालक ओमप्रकाश मेवाडा और ऋषि मीणा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा संस्था की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि नीट जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का गौरव है। इन विद्यार्थियों ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह सिद्ध किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र को नई दिशा देता है तथा आज के युवा ही विकसित भारत के सशक्त निर्माता बनने वाले हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा, नवाचार और युवाओं के कौशल विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज के लिए प्रेरणा का विषय है, क्योंकि इससे अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए करें और सीहोर का नाम पूरे देश में रोशन करें।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष विपिन शास्ता, पार्षद राजेश माझी, विजेंद्र परमार, कमलेश राठौर, नरेंद्र राजपूत, शहर के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर सभी ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

0 Comments