मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत फॉस्टर केयर हेतु इच्छुक परिवारों से आवेदन आमंत्रित

सीहोर, 21 जुलाई, 2026 महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत ऐसे बच्चे, जिन्हें सुरक्षित, स्नेहपूर्ण एवं पारिवारिक वातावरण की आवश्यकता है, उनके लिए फॉस्टर केयर व्यवस्था के तहत इच्छुक एवं पात्र परिवारों तथा व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ज्ञानेश खरे ने बताया कि फॉस्टर केयर योजना के माध्यम से बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार चयनित बच्चों को अस्थायी रूप से ऐसे परिवारों में रखा जाएगा, जहां उन्हें बेहतर पालन-पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए पारिवारिक वातावरण मिल सके। योजना के अंतर्गत बच्चों की देखभाल एवं पालन-पोषण के लिए प्रति माह 04 हजार रुपये की सहायता राशि बच्चे के आधार से डीबीटी के माध्यम से खाते में प्रदान की जाएगी।

   योजना के तहत अनाथ, परित्यक्त, सरेंडर किए गए, बाल श्रम एवं बाल विवाह से मुक्त, घरेलू हिंसा या शोषण से प्रभावित, भिक्षावृत्ति से मुक्त तथा अन्य जरूरतमंद बच्चों को शामिल किया जाएगा। इच्छुक फॉस्टर परिवार के पास सुरक्षित एवं सकारात्मक पारिवारिक वातावरण होना चाहिए तथा उन्हें निर्धारित पात्रता एवं सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।

    इच्छुक परिवार महिला एवं बाल विकास विभाग के निकटतम परियोजना कार्यालय अथवा सीहोर कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक-146 में कार्यालयीन समय में आवेदन प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री अनिल पोलाय के मोबाइल नंबर 9425366425 पर संपर्क किया जा सकता है।

    महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई ऐसा बच्चा है जिसे पारिवारिक संरक्षण की आवश्यकता है अथवा वे स्वयं किसी बच्चे के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना चाहते हैं, तो फॉस्टर केयर अभियान से जुड़कर उसकी सुरक्षित एवं सम्मानजनक परवरिश में सहयोग करें।

Post a Comment

0 Comments