सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु सुनिश्चित करना विभागों की साझा जिम्मेदारी है - कलेक्टर मातृ-मृत्यु दर को किया जाए कम से कम - कलेक्टर कलेक्टर ने की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की मासिक समीक्षा कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की बैठक आयोजित


सीहोर, 13 जुलाई, 2026   कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिला पोषण समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं तथा गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले से कुपोषण समाप्त करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए चिन्हित बच्चों का नियमित फॉलोअप किया जाए तथा गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को समय पर सभी स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

    कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने टेक होम राशन (टीएचआर) वितरण की नियमित समीक्षा करने, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी रखने तथा मातृ मृत्यु दर को न्यूनतम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी गर्भवती महिला की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला पोषण समिति की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने नियमित एएनसी जांच, एनीमिया की पहचान एवं उपचार, समय पर टीकाकरण तथा संस्थागत प्रसव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

    बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में गर्भवती महिलाओं की प्रथम एएनसी जांच का प्रदर्शन 99.68 प्रतिशत तथा द्वितीय एएनसी जांच 89.46 प्रतिशत रहा। बच्चों के शारीरिक मापन का कार्य 99.86 प्रतिशत पूर्ण किया गया, जबकि आंगनवाड़ी केन्द्रों पर सामुदायिक आधारित आयोजनों का लक्ष्य लगभग शत-प्रतिशत पूरा किया गया। एबीएचए आईडी सत्यापन में भी जिला 89.43 प्रतिशत प्रगति दर्ज कर चुका है।

    स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि अप्रैल से जून 2026 के दौरान 89 प्रतिशत से अधिक नवजात शिशुओं को आशा कार्यकर्ताओं द्वारा निर्धारित होम विजिट सेवाएं प्रदान की गईं। विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में लगभग 88 प्रतिशत नवजातों का सफल उपचार किया गया। नियमित टीकाकरण अभियान के अंतर्गत मीजल्स-रूबेला की दूसरी खुराक का 95 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम में जिले ने टीबी नोटिफिकेशन के लक्ष्य का 93 प्रतिशत हासिल किया।

   कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने बेहतर निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष प्रयास कर सभी पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं त्वरित स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में सीएमएचओ डॉ सुधीर डेहरिया, महिला बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ज्ञानेश खरे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments