सीहोर, 07 जुलाई, 2026 वर्षाकाल में जिले के पर्यटन स्थलों, झरनों एवं बांधों पर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षा के सभी इंतजाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने इछावर स्थित कोलार डैम, बुधनी के अमरगढ़ वॉटरफॉल, और मिडघाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्षा के दौरान जोखिम वाले सभी स्थलों पर लगाए गए प्रतिबंधों का पूरी सख्ती से पालन कराया जाए तथा किसी भी व्यक्ति को प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करने दिया जाए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि बारिश के मौसम में नदियों, झरनों एवं बांध-तालाबों कुछ क्षणों में पानी का बहाव अत्यधिक तेज हो जाता है, जिससे लोगों के फंसने अथवा दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका रहती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए तथा सभी संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पर्यटन एवं प्राकृतिक स्थलों पर चेतावनी बोर्ड स्पष्ट रूप से लगाए जाएं, बैरिकेडिंग मजबूत रखी जाए तथा जहां आवश्यक हो वहां अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही पुलिस, राजस्व एवं वन विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित गश्त करें और ऐसे स्थानों पर पहुंचने वाले लोगों को संभावित खतरों के प्रति लगातार जागरूक भी करें।
कोलार डैम पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश
इछावर स्थित कोलार डैम के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि डैम क्षेत्र में वर्तमान में छह सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। वन विभाग द्वारा जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में आमजन की आवाजाही रोकने के लिए जाली लगाने तथा ट्रेंच खोदने का कार्य किया गया है, जिससे लोग जोखिम वाले स्थानों तक न पहुंच सकें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि यदि डैम क्षेत्र में नाव के माध्यम से नियमित पेट्रोलिंग की जाए तो दुर्घटना संभावित स्थानों पर अधिक प्रभावी ढंग से निगरानी रखी जा सकती है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि नाव से नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाए तथा नाव के साथ प्रशिक्षित तैराक की भी अनिवार्य रूप से तैनाती की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि केवल सुरक्षा कर्मियों की तैनाती पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सक्रिय उपस्थिति और नियमित गश्त भी सुनिश्चित की जाए, जिससे कोई भी व्यक्ति सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी कर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न कर सके। कोलार डैम के निरीक्षण के दौरान इछावर एसडीएम श्रीमती स्वाति मिश्रा, तहसीलदार श्री गजेंद्र लोधी, श्री ललित सोनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अमरगढ़ वॉटरफॉल एवं मिडघाट में संयुक्त रूप से रखें निगरानी
बुधनी के अमरगढ़ वॉटरफॉल एवं मिडघाट के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ये स्थल वन क्षेत्र से लगे हुए हैं तथा वर्षाकाल में यहां पानी का बहाव अत्यंत तेज हो जाता है। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने वन विभाग, राजस्व विभाग तथा पुलिस के अधिकारियों को संयुक्त रूप से लगातार निगरानी रखने तथा नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि यह पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति पानी में न उतरे और न ही प्रतिबंधित क्षेत्रों की ओर जाने का प्रयास करे। आवश्यकता पड़ने पर लोगों को समझाइश देकर वापस भेजा जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया। अमरगढ़ वॉटरफॉल एवं मिडघाट के निरीक्षण के दौरान एसडीओपी श्री रवि शर्मा, एसडीओ फॉरेस्ट सुश्री कीर्ति ओसवाल, तहसीलदार श्री राकेश खजूरिया, नायब तहसीलदार श्री किशोरी लाल शेलू, श्री रमेशप्रसाद साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpeg)
.jpeg)
0 Comments