सीहोर। नगर पालिका परिषद सीहोर की पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) की बैठक आज नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास से जुड़े 52 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, खेल एवं जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को हरी झंडी दी गई।
बैठक में वार्ड क्रमांक 2 में बलवंत की चक्की से सम्राट कॉलेज तक तथा पार्वती मेवाड़ा के घर से देवनगर कॉलोनी तक सीसी रोड निर्माण के लिए 31 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 4 में टाउन हॉल बस स्टैंड के समीप आधुनिक बास्केटबॉल ग्राउंड के निर्माण हेतु 16 लाख 17 हजार रुपये की मंजूरी दी गई, जिससे शहर के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वार्ड क्रमांक 7 में मुरली रोड से क्यूलटोली रोड होते हुए शासकीय स्कूल तक डामरीकरण कार्य के लिए 39 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत किए गए।
वार्ड क्रमांक 21 की अवधपुरी कॉलोनी में शर्मा के घर से पशुपतिनाथ मंदिर होते हुए इंदौर-भोपाल मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए 16 लाख 70 हजार रुपये की मंजूरी दी गई।
वार्ड क्रमांक 34 में जूनियर वाड़ी क्षेत्र में बड़ा मस्जिद से जूनियर वाड़ी डीपी तक सीसी रोड निर्माण कार्य हेतु 37 लाख 90 हजार रुपये स्वीकृत किए गए। इसके अलावा शहर की आस्था और पर्यटन को ध्यान में रखते हुए महिला घाट पर नदी किनारे घाट निर्माण के लिए 29 लाख 64 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
सीहोर को एक आधुनिक, सुविधायुक्त और सर्वांगीण विकसित शहर बनाना
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल सड़कें बनाना नहीं, बल्कि सीहोर को एक आधुनिक, सुविधायुक्त और सर्वांगीण विकसित शहर बनाना है। बच्चों के लिए बास्केटबॉल ग्राउंड, महिला घाट पर निर्माण तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण इसी संकल्प का हिस्सा है। नगर पालिका बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करा रही है और आने वाले समय में भी जनहित के अनेक कार्य तेजी से किए जाएंगे। सीहोर नगर लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। नगर पालिका का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और नागरिकों को बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह, कार्यपालन यंत्री विजय कोहली, अमित यादव, सभी सभापति, पार्षदगण, इंजीनियर तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 Comments