सीहोर। कोतवाली पुलिस ने मठ मंदिर सीहोर में हुई दानपेटी चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई पूरी सामग्री, जिसकी कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई गई है, बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने सीहोर के करौली माता मंदिर और आष्टा के माता मंदिर में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 को मठ मानस समिति के सदस्य सीताराम यादव ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मंदिर का मुख्य गेट और दानपेटी का ताला टूटा मिला तथा दानपेटी से नकदी चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज उर्फ राजू पिता नान सिंह बारेला (20 वर्ष), निवासी ग्राम बसंतपुर टांडी, थाना भैरूंदा, जिला सीहोर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी भैरूंदा थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। अन्य चोरी की घटनाओं से संबंधित थानों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में मठ मंदिर मानस समिति के सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग किया। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी रविंद्र यादव, एएसआई नवतेश राजपूत, एएसआई पतीराम पाटिल सहित कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 Comments