सीहोर/ भैरुंदा पुलिस ने नर्मदा नदी से प्रतिबंध अवधि के दौरान अवैध रूप से मछली का परिवहन करने वाले एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब दो क्विंटल मछली और एक टाटा सफारी वाहन जब्त किया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की टाटा सफारी (एमपी-04-सीए-8812) में अवैध रूप से मछली लेकर एक व्यक्ति नीलकंठ रोड से भैरुंदा की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत एवं एसडीओपी रौशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में भैरुंदा थाना पुलिस ने ग्राम सोठिया स्थित पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन चालक ने अपना नाम सरफराज खान (28)निवासी बोगदा पुल के पास, भोपाल बताया। वाहन की डिक्की और बीच के हिस्से में हरे रंग के जाल में करीब 30 नग मछलियां जिनका कुल वजन लगभग 2 क्विंटल था, बरामद हुईं।
पुलिस द्वारा मछलियों के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में यह परिवहन जिला दंडाधिकारी द्वारा बंद ऋतु के दौरान मछली पकड़ने और परिवहन पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मछलियों और वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस एवं मध्यप्रदेश मत्स्य क्षेत्र (संशोधन) अधिनियम, 1981 की धारा 5 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सराहनीय भूमिका:इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कौशलेंद्र, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण गोर, प्रधान आरक्षक दीपक यादव एवं आरक्षक राकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 Comments