कलेक्टर के नाम मुस्लिम समुदाय ने सौंपा ज्ञापन, स्लॉटर हाउस शुरू कराने की मांग


सीहोर। जिले के मुस्लिम समुदाय के जनप्रतिनिधियों एवं कुरैशी समाज के सैकड़ों लोगों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार अमित सिंह को सौंपा। ज्ञापन में पिछले तीन माह से बंद पड़े स्लॉटर हाउस (वधशाला) को पुन: शुरू कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि जिले में मीट विक्रेताओं के लिए संचालित एकमात्र स्लॉटर हाउस साफ-सफाई एवं अन्य कारणों से शासन द्वारा बंद कर दिया गया है। इसके चलते कुरैशी समाज के लोग अपनी मीट की दुकानें संचालित नहीं कर पा रहे हैं, जिससे करीब 100 परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

समुदाय के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो इन परिवारों के सामने आर्थिक परेशानियां और अधिक बढ़ जाएंगी। ज्ञापन के माध्यम से शासन से समय रहते उचित व्यवस्था कर स्लॉटर हाउस को पुन: संचालित कराने की मांग की गई।

इस दौरान पार्षद आज़म, मजीद अंसारी एवं इरफान लाला ने कहा कि कुरैशी समाज की आजीविका इस व्यवस्था से जुड़ी हुई है, इसलिए प्रशासन मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कुरैशी समाज की ओर से मोहिद भाई, रईस भाई, पप्पू भाई, शफीक मियां, सईद भाई, सेराज, मस्तान, अरमान, इम्तियाज, नावेद, अमीर मंसूरी, तनवीर, अमन सहित समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments