सीहोर, 22 जुलाई, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने आष्टा स्थित सात्विक एग्रो आटा प्लांट तथा रेलिश फ़ूड दलिया एवं सॉर्टेक्स प्लांट का निरीक्षण कर वहां संचालित उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता मानकों एवं आधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया। उन्होंने प्लांट में उपयोग की जा रही मशीनरी, उत्पादन क्षमता तथा गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्लांट की स्वच्छता, सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली एवं गुणवत्ता मानकों की सराहना करते हुए इनके निरंतर पालन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों में गुणवत्ता और स्वच्छता बनी रहनी चाहिए, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर उत्पाद उपलब्ध हो सकें तथा जिले की औद्योगिक पहचान मजबूत हो।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संचालकों को निर्देश दिए कि उत्पादन इकाइयों में सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा कर्मचारियों को समय-समय पर आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय किसानों से अधिकाधिक कृषि उत्पादों का क्रय कर उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। साथ ही प्लांट परिसर में स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
प्लांट के संचालकों ने कलेक्टर को उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता नियंत्रण, आधुनिक मशीनरी तथा किसानों एवं स्थानीय रोजगार से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इकाइयों में आधुनिक तकनीकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्थापित ऐसे आधुनिक उद्योग औद्योगिक विकास को गति देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रहे हैं। उन्होंने उद्योगों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर विस्तार करने तथा अधिक से अधिक रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री अनुराग वर्मा, श्री मनोज जैन, श्री विकास जैन, श्री संजय जैन, श्री विजय जैन तथा श्री अभिनव जैन उपस्थित रहे।
.jpeg)
0 Comments