नशा मुक्ति का संकल्प लेकर हजारों श्रद्धालु होंगे गुरु मंत्र से दीक्षित

 


सीहोर। श्री राम गौशाला गो-तीर्थ क्षेत्र स्थित श्री केदारनाथ महादेव मंदिर परिसर एवं श्री माधव महाकाल आरोग्य आश्रम, सीवन नदी तट, सैकड़ा खेड़ी रोड पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर से हजारों श्रद्धालु गुरु कृपा प्राप्त करने के लिए सीहोर पहुंचेंगे। महोत्सव में राष्ट्रीय संत एवं कथा व्यास परम गौभक्त परम पूज्य गुरुदेव पं. मोहितरामजी पाठक तथा परम पूज्यनीय धर्म रक्षक संत श्री श्री 108 पंडित दुर्गा प्रसाद कटारे बाबाजी के सान्निध्य में गुरु मंत्र दीक्षा कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु नशा मुक्ति का संकल्प लेकर गुरु मंत्र से दीक्षित होंगे।


गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पूर्व आयोजित सत्संग में गुरुदेव पं. मोहितरामजी पाठक ने भगवान केदारनाथ के प्राकट्य एवं पंच केदार की कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि महाभारत युद्ध के बाद पांडव अपने परिजनों की हत्या के पाप से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव की शरण में पहुंचे। भगवान शिव बैल (नंदी) का रूप धारण कर गुप्तकाशी में छिप गए, लेकिन भीम ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद भगवान शिव के शरीर के विभिन्न अंग हिमालय के अलग-अलग स्थानों पर प्रकट हुए, जिनमें केदारनाथ में उनकी पीठ (कूबड़) की पूजा की जाती है।


गुरुदेव ने अपने संदेश में कहा कि "नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। गुरु का मार्ग जीवन को संयम, संस्कार और सदाचार की ओर ले जाता है। नशे से नहीं, नाम से नाता जोड़िए। व्यसन नहीं, भजन को जीवन का आधार बनाइए और गुरु मंत्र अपनाकर जीवन को सफल बनाइए।"


उन्होंने गौ सेवा का महत्व बताते हुए कहा कि "जहाँ गौ सेवा होती है, वहाँ सुख, समृद्धि और ईश्वर की कृपा स्वतः विराजती है। गौ रक्षा और गौ सेवा केवल धर्म नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का महान संकल्प है।"


आश्रम के कोषाध्यक्ष जितेन्द्र तिवारी ने बताया कि प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु मंत्र की दीक्षा ग्रहण करते हैं। इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अध्यक्ष तुलसीराम परमार ने बताया कि महोत्सव के दौरान लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है।


गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान गुरु पूजन, वैदिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, सत्संग, गौ पूजन, गुरु आशीर्वचन एवं विशाल प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर नशा मुक्त भारत, संस्कारित समाज और गौ सेवा के इस अभियान का सहभागी बनने का आह्वान किया है।



Post a Comment

0 Comments