नरवाई जलाने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समन्वय बैठक आयोजित "नरवाई मुक्त एवं प्रदूषण मुक्त कृषि" के लिए नई पहल


सीहोर, 09 जुलाई, 2026   आगामी रबी फसल कटाई के दौरान नरवाई जलाने की समस्या को रोकने एवं फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन की पूर्व तैयारी के उद्देश्य से कृषि विभाग एवं वर्धमान फैब्रिक्स, बुधनी द्वारा समन्वय बैठक आयोजित की गई।

     बैठक में यह भी चर्चा की गई कि यदि किसान फसल अवशेषों को जलाने के स्थान पर उन्हें उपयोग के लिए उपलब्ध कराते हैं, तो इससे अनेक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे। पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण में कमी आएगी, मृदा के लाभकारी सूक्ष्मजीव एवं पोषक तत्व सुरक्षित रहेंगे, खेतों की उर्वरता बनी रहेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, फसल अवशेषों का औद्योगिक उपयोग होने से उन्हें "अपशिष्ट से संसाधन " के रूप में उपयोग किया जा सकेगा । 

     आगामी फसल सीजन प्रारंभ होने से पूर्व ही किसानों को व्यापक रूप से जागरूक किया जाएगा, ताकि वे फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनके उचित उपयोग एवं संग्रहण की व्यवस्था से जुड़ सकें। इस दिशा में वर्धमान फैब्रिक्स द्वारा क्षेत्रवार अधिकृत वेंडर्स (आपूर्तिकर्ता) नियुक्त किए जाएंगे, जो संबंधित गांवों से किसानों के फसल अवशेषों का संग्रहण कर कंपनी तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। कृषि विभाग द्वारा ग्राम स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय एवं मृदा संबंधी दुष्प्रभावों तथा फसल अवशेषों के वैकल्पिक एवं उपयोगी प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।

    बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि यदि आगामी सीजन से पूर्व यह व्यवस्था प्रभावी रूप से विकसित कर ली जाती है, तो किसानों को पराली जलाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी तथा फसल अवशेषों का उपयोग पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औद्योगिक उपयोग में भी किया जा सकेगा। यह पहल जिले में "नरवाई मुक्त एवं प्रदूषण मुक्त कृषि" की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। जिससे कृषि एवं उद्योग के बीच एक सतत एवं लाभकारी समन्वय स्थापित होगा। बैठक में कृषि उपसंचालक कृषि श्री अशोक उपाध्याय, सहायक संचालक श्री अनिल कुमार जाट सहित वर्धमान फैब्रिक्स से प्लांट हेड श्री विजय करांडे, मैनेजर श्री अतुल शर्मा, सीनियर मैनेजर श्री प्रशांत द्विवेदी, चीफ मैनेजर श्री दिनेश कुमार उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments