सीहोर, 07 जुलाई 2026।मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ, जिला इकाई सीहोर द्वारा मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर सीहोर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कृषि विस्तार अधिकारियों के लिए सार्थक एप के माध्यम से अनिवार्य उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था समाप्त करने की मांग की गई।
संघ ने ज्ञापन में बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनके क्रियान्वयन में कृषि विस्तार अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारियों को प्रतिदिन गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी देने, तकनीकी मार्गदर्शन करने तथा विभिन्न विभागीय कार्यों का संपादन करना पड़ता है।
संघ का कहना है कि वर्तमान में सार्थक एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता के कारण अधिकारियों, विशेषकर महिला कृषि विस्तार अधिकारियों को अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या, समय पर उपस्थिति दर्ज करने में होने वाली परेशानी तथा क्षेत्रीय कार्यों के दौरान अनावश्यक बाधाएं कार्य क्षमता को प्रभावित कर रही हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कई बार अधिकारियों को विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य शासकीय दायित्व भी निभाने पड़ते हैं।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि इन व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कृषि विस्तार अधिकारियों को सार्थक एप के माध्यम से अनिवार्य उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था से मुक्त किया जाए, जिससे वे किसानों के हित में अपने क्षेत्रीय कार्य अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।
संघ ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार अधिकारियों की समस्याओं पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र उचित निर्णय लेगी।

0 Comments