सीहोर। नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी विशाल मोदी द्वारा स्थापित बाबारी डिस्पोजल एण्ड प्लास्टिक प्रतिष्ठान का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता के साथ अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथा वाचक पं. श्री प्रदीप मिश्रा के पावन करकमलों से संपन्न हुआ। शुभारंभ के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के बीच फीता काटकर नवीन प्रतिष्ठान का विधिवत उद्घाटन किया गया एवं अंकुर मिश्रा जी द्वारा फिता काटकर उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर पं. श्री प्रदीप मिश्रा ने प्रतिष्ठान की उन्नति, समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की मंगलकामना करते हुए कहा कि व्यापार केवल लाभ अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा, विश्वास और ईमानदारी का भी प्रतीक होता है। उन्होंने कहा कि यदि व्यवसाय सेवा भावना और नैतिक मूल्यों के साथ किया जाए तो वह निरंतर सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है।
उद्घाटन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी अखलेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, वरिष्ठ समाजसेवी गौरव (सन्नी) महाजन, वरिष्ठ समाजसेविका श्रीमती अरुण सुदेश राय, प्रदीप सक्सेना सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी, समाजसेवी एवं मित्रगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवीन प्रतिष्ठान का अवलोकन करते हुए विशाल मोदी एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं तथा व्यवसाय की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की।
समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत विशाल मोदी, ममता मोदी, सक्षम मोदी एवं सृष्टि मोदी द्वारा पुष्पमालाओं एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के अंत में विशाल मोदी ने सभी अतिथियों, मित्रों, व्यापारियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग से ही उन्हें यह नया प्रतिष्ठान प्रारंभ करने की प्रेरणा एवं उत्साह मिला है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उनके प्रतिष्ठान पर ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद, उचित मूल्य तथा बेहतर सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में नगर के व्यापारी, शुभचिंतक एवं नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण धार्मिक आस्था, आत्मीयता और उत्साह से परिपूर्ण रहा तथा सभी ने नवीन प्रतिष्ठान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


0 Comments