सीहोर। हिंदू साम्राज्य दिनोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को मेडिकल एसोसिएशन एवं अटल हॉस्पिटल द्वारा गंगा आश्रम स्थित अटल अस्पताल परिसर में विशेष संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवियों, चिकित्सकों एवं दवा व्यवसायियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि माननीय नगर संघचालक भारत सोनी जी रहे, इस अवसर पर डॉ. गगन नामदेव ने चिकित्सा सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा हिंदवी स्वराज्य की स्थापना के लिए किए गए संघर्ष को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन साहस, संगठन और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। डॉ. नामदेव रेड क्रॉस सोसाइटी एवं आरोग्य भारती से जुड़े हुए हैं।
कार्यक्रम में डॉ. पुष्पा जी ने मातृ शक्ति, परिवार एवं समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सेवा कार्यों में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तिकरण वर्तमान समय की प्रमुख आवश्यकता है तथा समाज के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
आयोजन के दौरान उपस्थित दवा व्यापारी स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर कार्यक्रम संचालन महेंद्र वर्मा ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, दवा व्यवसायियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अटल अस्पताल के संचालक संदीप वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, सेवा भावना और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहभागी बंधुओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


0 Comments