एडीबी विशेषज्ञों ने बुधनी टॉय विलेज परियोजना का किया निरीक्षण, प्रगति का लिया जायजा


सीहोर, 22 जून, 2026  नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) की परियोजना क्रियान्वयन इकाई भोपाल अंतर्गत एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के विशेषज्ञ सदस्य श्री विवेक विशाल, सुश्री रुपोस्रोता कहाली एवं श्री कार्लिटो द्वारा बुधनी एकीकृत विकास परियोजना के तहत निर्माणाधीन टॉय विलेज का निरीक्षण किया गया।

   निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ दल ने परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा विभिन्न अवसंरचनात्मक घटकों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के क्रियान्वयन, गुणवत्ता मानकों एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए। विशेषज्ञों ने परियोजना को क्षेत्रीय पर्यटन संवर्धन, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों एवं रोजगार सृजन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की विकास परियोजनाएँ स्थानीय स्तर पर सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति प्रदान करती हैं।

    उल्लेखनीय है कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा प्रदेश में विभिन्न महत्वाकांक्षी अधोसंरचना परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य शहरी सुविधाओं का विस्तार एवं समग्र विकास को बढ़ावा देना है। निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी श्री सुबोध जैन, सहायक परियोजना प्रबंधक श्री राहुल समाधिया, सीडीओ श्री गिरीश नायर, डॉ. अमित कुल्हार, परियोजना प्रबंधन सलाहकार फर्म के श्री दीपक हतवाले, संविदाकार के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments