योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब उनका प्रभावी क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर सुनिश्चित किया जाये - कलेक्टर कलेक्टर ने भैरूंदा तहसील के ग्रामों का किया निरीक्षण वनाधिकार, सीमांकन, खाद वितरण एवं फार्मर आईडी कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश


सीहोर, 12 जून, 2026   कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने भैरूंदा तहसील के ग्रामों का निरीक्षण कर शासन की योजनाओं तथा राजस्व एवं कृषि संबंधी कार्यों की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम भिलाई, झाली-मारियाडो-लाड़कुई तथा सनकोटा पहुंचकर विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गति लाने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

  ग्राम भिलाई में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने वन मित्र पोर्टल के माध्यम से संचालित वनाधिकार अधिनियम (एफआरए) से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्वयं वन मित्र पोर्टल का संचालन कर उसकी कार्यप्रणाली को समझा तथा अधिकारियों से लंबित एवं निराकृत प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाये तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दिया जाये। उन्होंने कहा कि वनाधिकार अधिनियम का उद्देश्य पात्र वनवासियों एवं परंपरागत वन निवासियों को उनके अधिकार प्रदान करना है, इसलिए सभी प्रकरणों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाना चाहिए।

   लाड़कुई में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद वितरण की ई-टोकन प्रणाली का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को निर्धारित प्रक्रिया एवं पात्रता के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाये तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रहे। उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों के लिए खाद की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है और किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। इसके पश्चात कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने ग्राम झाली-मारियाडो-लाड़कुई में चल रहे रास्ता विवाद के सीमांकन कार्य का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

     ग्राम सनकोटा में कलेक्टर ने फार्मर आईडी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामवासियों से चर्चा कर फार्मर आईडी के महत्व के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसके माध्यम से उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फार्मर आईडी बनाने का कार्य तेजी से संचालित किया जाये तथा कोई भी पात्र किसान इससे वंचित न रहे।

     निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों द्वारा कलेक्टर श्री बालागुरू के. को गांव में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या से अवगत कराने पर कलेक्टर ने तत्काल जल निगम के अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने ग्रामवासियों को आश्वस्त कराते हुए कहा कि पाइपलाइन में मरम्मत कार्य किए जाने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही आगामी दिवस से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाये।

    कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब उनका प्रभावी क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करें, आमजन की समस्याएं सुनें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। निरीक्षण के दौरान भैरूंदा एसडीएम श्री सुधीर कुशवाह, तहसीलदार श्री सौरभ शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




 



Post a Comment

0 Comments