सीहोर, 08 जून, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में बाढ़ आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के ने कहा कि कुशल प्रबंधन, समय पर कार्रवाई और बेहतर समन्वय से बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान होने वाली जान-माल की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में बाढ़ आपदा संवेदनशील क्षेत्रों का आकलन करते हुए वर्षाकाल के दौरान बाढ़ आपदा के नियंत्रण के संबंध में चर्चा की गई, पिछले वर्षों के अनुभव साझा किये गए और प्रभावी नियंत्रण के लिये अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने भी आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर ने जलभराव एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन, उपकरण, नाव, संचार व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन दलों को पूरी तरह तैयार रखा जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी, नालों, बांधों एवं जलाशयों के जलस्तर की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विभागों एवं प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विद्युत, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, राजस्व तथा पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत शिविरों की व्यवस्था करने तथा आवश्यक खाद्य सामग्री, पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी कार्यों की नियमित समीक्षा कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।
कलेक्टर ने सभी विभागों को सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक उपकरण, नाव, लाइफ जैकेट, रस्सियां, टॉर्च, जनरेटर तथा अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आपदा प्रबंधन दलों को सक्रिय रखा जाए तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी पूर्व से निर्धारित की जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी तंत्र को मजबूत किया जाए तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की पूर्व तैयारी रखी जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, डीएफओ श्रीमती अर्चना पटेल, संयुक्त कलेक्टर श्री जमील खान, सुश्री वंदना राजपूत, श्री रविन्द्र परमार, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)
0 Comments