
सीहोर। रविवार को फादर्स डे के अवसर पर जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने श्यामपुर पहुंचकर अपने स्वर्गवासी पिता की स्मृति में पौधरोपण किया। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मेरे पिताजी के स्वर्गवास के बाद मेरा यह पहला फादर्स डे है और इसीलिए आज मैने उनकी स्मृति में यहां पहुंचकर पौधरोपण किया है। पंकज शर्मा ने सभी जिलेवासियों से प्रत्येक खुशी के अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज ग्लोबल वार्मिंग के चलते हर साल पृथ्वी का तापमान बढ़ता जा रहा है और बढ़ते प्रदूषण ने स्थिति और भयावह कर दी है। पेड़ों की बढ़ती कटाई से कम बारिश की समस्या के साथ ही नदी-नाले और अन्य जलस्रोत भी सूख रहे हैं, जिससे भीषण जलसंकट भी खड़ा हो रहा है। पंकज शर्मा ने कहा कि इन सभी समस्याओं से बचने का सिर्फ एक ही तरीका है कि हम सभी को साल में कम से कम अपने जन्मदिन के मौके पर पौधारोपण जरूर करना चाहिए, ताकि पर्यावरण शुद्ध हो सके और पारिस्थितिक संतुलन बना रहे, जिससे हमारी आने वाली पीढ़ियों का जीवन सुरक्षित रहे तथा वो स्वच्छ वातावरण में सांस ले सकें। उन्होंने शासन तथा प्रशासन से विकास और औद्योगीकरण के नाम पर की जाने वाली पेड़ों की कटाई पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग करते हुए किसी के द्वारा भी पेड़ काटने पर उसे कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है, ताकि अंधाधुंध पेड़ कटाई पर रोक लग सके और पर्यावरण स्वच्छ बना रहे। इस अवसर पर श्यामपुर के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण भाटी, रामेश्वर दयाल माहेश्वरी, देवेंद्र गिरी, लक्ष्य कंप्यूटर एकेडमी श्यामपुर के संचालक विरेन्द्र विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।
0 Comments