सीहोर। अहिरवार समाज संघ के तत्वावधान में रविवार को भोपाल के गोविंदपुरा स्थित आई टी आई सभागार में प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन किया गया। इस अधिवेशन में प्रदेश भर के साथ-साथ सीहोर जिले से भी बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध जन और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गौतम बुद्धए संत शिरोमणि रविदास जी और भारत रत्न डॉ. बीआर अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। अधिवेशन का उद्घाटन समाज के धर्मगुरुओं द्वारा किया गया।
अहिरवार समाज संघ के प्रदेश मुख्य सचिव विनोद कुमार बड़ोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रांतीय अधिवेशन को सफल बनाने के लिए सीहोर जिले से समाज बंधुओं का एक बड़ा जत्था भोपाल पहुंचा। सीहोर से शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में मंसाराम अहिरवार, नर्मदा प्रसाद, राजकुमार, धर्मेंद्र, शोभाराम, मांगीलाल, फूल सिंह, नरेश, कैलाश महोबिया, दीवान सिंह अहिरवार, गोरेलाल और भागीरथ सहित सैकड़ों की संख्या में समाजजन शामिल थे, जिन्होंने अधिवेशन की विभिन्न परिचर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग लिया।
कुरीतियों को मिटाना और शिक्षा को बढ़ावा देना जरुरी
प्रांतीय अधिवेशन में समाज की वर्तमान दिशा और दशा पर गहन मंथन किया गया। वक्ताओं ने समाज में फैली कुरीतियों और सामाजिक बुराइयों को दूर करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही सामाजिक एकता को मजबूत करने, शिक्षा के स्तर को सुधारने और युवाओं में जागरूकता पैदा करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के होनहार व प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अजेक्स अध्यक्ष व वरिष्ठ आईएएस जेएन कंसोटिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र चौधरी, जल संसाधन विभाग भोपाल के अधीक्षक यांत्रिकी एमसी अहिरवार एवं पूर्व अपर कलेक्टर निशा बांगरे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अहिरवार समाज संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार अहिरवार ने की। इस दौरान संस्था के संस्थापक चौधरी अमन सिंह नरवरिया, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष संगीता गोलियां, संगठक मंत्री गोपीलाल अहिरवार और कार्यकारी अध्यक्ष बीएस मंड्रे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजक मंडल और प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार अहिरवार ने सीहोर सहित पूरे मध्य प्रदेश से आए सभी अतिथियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की यह एकजुटता और सहभागिता आने वाले समय में अहिरवार समाज को एक नई ऊंचाई और सही दिशा प्रदान करेगी।

0 Comments