बच्चों के जीवन के शुरुआती 10 वर्ष अत्यंत महत्वपूर्ण - जिला पंचायत सीईओ मिशन अंकुर की प्राथमिकताओं पर सीएसी एवं बीएसी को दिया गया प्रशिक्षण


सीहोर, 05 जून, 2026     शिक्षा विभाग द्वारा सीहोर स्थित डाइट संस्थान में सीएसी एवं बीएसी का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र में मिशन अंकुर एवं एफएलएन की प्राथमिकताओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

   सीईओ श्रीमती यादव ने कहा कि बच्चों के जीवन के शुरुआती 10 वर्ष उनके शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि उच्च कक्षाओं में विद्यार्थियों को एलसीएम-एचसीएफ जैसी मूलभूत गणनाओं में आने वाली कठिनाइयों का प्रमुख कारण बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान की कमजोरी है, इसलिए एफएलएन कार्यक्रम को गंभीरता से लेते हुए नई वर्कबुक का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नए सत्र के शुरुआती छह माह अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और विद्यालयों को ऐसा सीखने का वातावरण बनाना होगा जहां बच्चे अपने आधारभूत कौशलों को बेहतर ढंग से विकसित कर सकें।

उन्होंने शिक्षकों एवं शैक्षणिक अधिकारियों को नवाचार अपनाने, स्वयं अध्ययन करने तथा शिक्षण सामग्री का सुनियोजित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही निर्देश दिए कि आगामी माह से मासिक एफएलएन ट्रैकर में किसी प्रकार की त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जानकारी समय पर और सही तरीके से दर्ज की जाए, जिससे बच्चों की प्रगति के आधार पर प्रभावी योजना बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि जिले की शैक्षणिक प्रगति में सभी का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। इस दौरान डाइट प्राचार्य डॉ. अनीता बडगुर्जर, डीपीसी श्री रमेश राम उइके सहित सभी जनशिक्षक, बीएसी, बीआरसीसी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments