सीहोर, 19 जून, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जावर तहसील कार्यालय, लोक सेवा केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जावर नगर परिषद के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं एवं राजस्व कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जावर तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अवैध कब्जा एवं रास्ता विवाद सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से छह माह से अधिक लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निराकरण पर जोर दिया। कलेक्टर ने तहसील की विभिन्न शाखाओं के कार्यों की भी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लोक सेवा केंद्र जावर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने नागरिकों को समय-सीमा में सभी सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आधार केंद्र पर आने वाले लोगों के कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
जावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनसीडी कक्ष, जनरल वार्ड, डिलीवरी वार्ड, दवा वितरण कक्ष, फार्मेसी स्टोर तथा पैथोलॉजी कक्ष सहित सभी कक्षों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीमित स्टाफ के बावजूद बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय है और इसके लिए समस्त स्वास्थ्य अमला बधाई का पात्र है। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमित माथुर ने अस्पताल में संचालित सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जावर नगर परिषद जावर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न कार्यों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के समय नगर पालिका सीएमओ श्री हरीश सोनी के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज वेद तथा उपाध्यक्ष तेजसिंह कप्तान ने नगर परिषद द्वारा संचालित विकास एवं जनहित कार्यों की जानकारी कलेक्टर को दी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री नितिन टाले, तहसीलदार श्री ओमप्रकाश चोरमा, तहसीलदार श्री सिद्धांत सिंह सिंगला, लोक सेवा केंद्र प्रभारी श्री सचिन राठौर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक कुशवाह, डॉ. भाविका चछलानी, डॉ. मनमोहन वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)
0 Comments