सीहोर। शहर के चर्च मैदान पर खिलाड़ियों को मंच देने के लिए हर साल की तरह इस साल भी स्व. कैलाश सारंग की स्मृति में जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार की शाम को जूनियर वर्ग के मैच में सीहोर बाइज ने सीहोर चिल्ड्रन को 2-0 से और वहीं सीनियर वर्ग के एक रोमांचक मुकाबले में सीहोर क्लब ने एमजी को 2-1 से हराया। बारिश के मध्य भी यहां पर मौजूद खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आगामी दिनों में लीग मैच के पश्चात प्रतियोगिता के दूसरे चरण की शुरूआत बुधवार से आरंभ की जाएगी।
एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि सोमवार की शाम को जूनियर वर्ग के मैच में सीहोर बाइज की टीम ने सीहोर चिल्ड्रन को 2-0 से हराया। इस मैच में सीहोर बाइज की ओर से युवराज-आदित्य ने 1-1 गोल किया। इसके अलावा एक अन्य मैच सीनियर वर्ग में सीहोर क्लब और एमजी क्लब के मध्य खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में सीहोर क्लब की टीम 2-1 से विजय रही। इस मैच में सीहोर क्लब की ओर से पुष्प-धु्रव ने 1-1 गोल किया। इधर एमजी क्लब की ओर से एक मात्र गोल सार्थक ने किया। मंगलवार की शाम को प्रतियोगिता के लीग मैच का अंतिम मैच जूनियर वर्ग में मिनी बाइज-डीएसवायडब्ल्यू के अलावा सीनियर वर्ग में एमजी क्लब और आरएसआई के मध्य खेला जाएगा।

0 Comments