28 से 30 जून तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के कलेक्टर ने दिए निर्देश


सीहोर, 16 जून, 2026     कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में आगामी 28 से 30 जून तक जिले में चलने वाले वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए माइक्रो स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

     कलेक्टर ने कहा कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए उन्हें पोलियो की खुराक पिलाई जाए। अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर संपर्क, विशेष टीमों का गठन और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने में सहयोग करें।

     उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि अभियान के लिए आवश्यक मानव संसाधन, दवाओं की उपलब्धता, प्रशिक्षण एवं निगरानी की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से अभियान को प्रभावी बनाया जाए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों को गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण प्रयास है और इसमें शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी 

     बैठक में बताया गया कि जिले में इस वर्ष पल्स पोलियो अभियान के तहत 1 लाख 98 हजार 310 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 1 हजार 604 टीमें, 210 सुपरवाइजर, 80 ट्रांजिट टीम तथा 43 मोबाइल टीमों की तैनाती की जाएगी। अभियान के प्रथम दिवस 1 हजार 443 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। गत वर्ष राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान जिले में 1 लाख 82 हजार 84 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई थी, जो अभियान की प्रभावी क्रियान्वयन क्षमता को दर्शाता है। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि इस बार निर्धारित लक्ष्य से भी बेहतर उपलब्धि हासिल करते हुए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाई जाए तथा जिले में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विश्व स्वास्थ्य संगठन के श्री शेखावत सिंह ने पल्स पोलियो अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दीl बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, श्री रविंद्र परमार, एसडीएम श्री तन्यम वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments