सीहोर, 14 मई 2026 उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सीहोर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस द्वारा कॉलेज चलो अभियान संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की समिति द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत ड्रॉप आउट विद्यार्थियों एवं ऐसे छात्र-छात्राओं को चिन्हित किया जा रहा है जो किसी कारणवश आगे की पढ़ाई से वंचित है अथवा कॉलेज में प्रवेश लेने के प्रति जागरूक नहीं है।
प्राचार्य डॉ रोहिताश्व कुमार शर्मा ने बताया कि टीम द्वारा विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से व्यक्तिगत संपर्क कर संवाद के माध्यम से उच्च शिक्षा के महत्व, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों, शासकीय योजनाओं, छात्रवृत्तियों एवं भविष्य निर्माण की संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही स्कूलों में पहुंचकर कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को कॉलेज में उपलब्ध विभिन्न विषयों, नवीन शिक्षा नीति, कौशल विकास आधारित पाठ्यक्रमों, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों, कैरियर अवसरों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को उच्च शिक्षा से जोड़ना, ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा युवाओं को आत्मविश्वास एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अग्रसर करना है। महाविद्यालय में प्रवेश के लिए आ रहे विद्यार्थियों के लिए सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है, जो जागरूकता के साथ-साथ विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

0 Comments