सीहोर, 05 मई, 2026 मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सीहोर वृत्त अंतर्गत दिवड़िया वितरण केंद्र में बिजली पोल गिराकर बुनियादी संरचना को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुँचाने और तार चोरी करने वाले अज्ञात असामाजिक तत्वों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।
गौरतलब है कि 04 मई 2026 की मध्य रात्रि को 33/11 केव्ही सतपिपलिया उपकेंद्र से निकलने वाली 11 केव्ही रतनपुर डीएलएफ लाइन पर ग्राम रामनगर से मोलगा के बीच असामाजिक तत्वों द्वारा 18 विद्युत खंभों को क्षतिग्रस्त कर धराशायी कर दिया गया और लगभग 5 किलोमीटर लंबी 11 केव्ही लाइन के तार चोरी कर लिए गए जिसके कारण ग्राम हालियाखेड़ी और मोलगा की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्यवाही करते हुए इछावर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना इछावर द्वारा अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश विद्युत अधिनियम की धारा 136(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा घटना के बाद सुधार कार्य के लिए तत्काल प्राक्कलन स्वीकृत कर एसटीसी संभाग सीहोर को कार्यादेश जारी कर मौके पर मरम्मत का कार्य य़द्ध स्तर पर किया जा रहा है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इस घटना के विरूद्ध नागरिकों और उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत अधोसंरचना राष्ट्र की संपत्ति है और इसे नुकसान पहुँचाना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह आम जनता के लिए भी भारी असुविधा का कारण बनता है। आमजन अपने क्षेत्र की बिजली लाइनों और उपकरणों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। यदि आपको कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या बिजली के सामान के साथ छेड़छाड़ दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी बिजली वितरण केन्द्र, कॉल सेन्टर 1912 अथवा स्थानीय पुलिस को सूचित करें। आपकी एक सूचना एवं जागरूकता से ऐसी चोरी और तोड़फोड़ की घटनाओं को रोका जा सकता है।
0 Comments