सीहोर। सीहोर जिले के ग्राम चंदेरी से लगे ग्राम पिपलिया मीरा में आधी रात को भीषण आग लगने से एक छोटे किसान का सब कुछ जलकर खाक हो गया। आगजनी की इस दर्दनाक घटना में किसान प्रेम सिंह मेवाड़ा पिता देवी सिंह मेवाड़ा निवासी ग्राम पिपलिया मीरा की कृषि उपयोगी सामग्री, कृषि यंत्र, पाइप, घरेलू सामान एवं एक चार पहिया वाहन पूरी तरह जल कर नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार किसान को लगभग 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है कि आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक किसान की वर्षों की मेहनत राख हो गई। समाजसेवियों और ग्रामीणों का कहना है कि प्रेम सिंह मेवाड़ा एक छोटे किसान हैं और इतनी बड़ी क्षति के बाद उनके सामने परिवार का पालन-पोषण और खेती दोबारा शुरू करना बड़ी चुनौती बन गया है।
ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस भीषण आगजनी की घटना ने किसानों की सुरक्षा और आपदा राहत व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें शासन प्रशासन की सहायता पर टिकी हुई हैं।
परिवार गहरे सदमे में है, क्षेत्र के किसान एवं समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा ने इस गंभीर घटना को लेकर पीडि़त किसान के लिये प्रदेश सरकार और प्रशासन से तत्काल राहत सहायता की मांग की है। उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव अनुराग जैन तथा जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि पीडि़त किसान को मुख्यमंत्री राहत निधि, राजस्व विभाग अथवा अन्य शासकीय योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

0 Comments