सीहोर, 05 मई, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधनी तहसील के ग्रामीण चार्ज क्षेत्र में कार्यरत प्रगणक श्री दिनेश अहिरवार ने उत्कृष्ट कार्य कुशलता का परिचय देते हुए मात्र 05 दिनों में ही ग्राम जोनतला में मकान सूचीकरण का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर एक सराहनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस प्रतिबद्धता, परिश्रम और कार्य के प्रति समर्पण भाव को देखते हुए बुधनी तहसीलदार श्री ललित सोनी द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रगणक श्री दिनेश अहिरवार द्वारा जोनतला में कम समय में शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति न केवल अन्य प्रगणकों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि यदि जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य किया जाए तो निर्धारित समयसीमा के भीतर उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
कलेक्टर ने नागरिकों से की जनगणना में सहयोग की अपील
जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण का कार्य 01 मई से 30 मई तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य कर रहे हैं और निर्धारित प्रपत्रों में परिवारों की आवश्यक जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही जानकारी दें और जनगणना में सहयोग करें। उन्होंने कहा है कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, संसाधनों के समुचित वितरण एवं विकास योजनाओं की बेहतर योजना निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
.jpeg)
0 Comments