सीहोर। शहर में “सरगम के साथियों” के बैनर तले कलाकारों को मंच प्रदान करने हेतु राजेश काशिव एवं सीमा जोशी द्वारा क्रिसेंट वाटर पार्क के सभागृह में एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम “सुरमयी शाम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुदेश राय एवं समाजसेवी अरुणा राय उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजेश काशिव एवं प्रसिद्ध गायिका सीमा जोशी द्वारा सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले को गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय ने कहा कि नगर में एक मंच की आवश्यकता थी जो गायकों को मंच प्रदान करे।जिसे सरगम के साथियों ने पूरा किया। समाजसेवी अरुणा राय ने सभी गायकों को श्रेष्ठ प्रस्तुतियों के लिए बधाई दी। उन्होंने ने इस संगीतमय शाम में स्वयं भी गाना गाकर सबका मन मोह लिया।
इस संगीतमय संध्या की खासियत रही कि इसमें पुराने सदाबहार गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। विधायक सुदेश राय द्वारा प्रथम तीन सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों देने गायक कलाकारों को नगद पुरस्कार प्रदान किए। गायकों ने एकल और युगल गानों को प्रस्तुत कर सराहना बटोरी।कार्यक्रम का संचालन प्रदीप नागिया ने किया। इस अवसर पर सीहोर, आष्टा एवं भोपाल से आए गायक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से शाम को यादगार बना दिया।

0 Comments