सीहोर जिला जेल में विशेष जेल लोक अदालत आयोजित


सीहोर, 26 अप्रैल, 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सीहोर स्थित जिला जेल में बंदियों के लंबित राजीनामा योग्य आपराधिक एवं प्ली बारगेनिंग योग्य मामलों के निराकरण के लिए विशेष जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस जेल लोक अदालत में कुल 05 मामले रेफर किये गये।

 इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीहोर द्वारा बैंक ऑफ इंडिया लीड बैंक एवं स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से बंदियों में दक्षता निर्माण हेतु प्रारंभ की गई पहल "दक्षता से स्वावलंबन" के अंतर्गत अगरबत्ती, साबुन, सर्फ, फिनाइल, दीया आदि सामग्री निर्माण का 12 दिवस का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 29 बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किये। उन्होंने बंदियों से कहा कि वे जेल से बाहर निकलने के बाद स्वावलंबी बनें और अपना भविष्य उज्जवल करें। सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह ने कहा कि बंदियो को इस अवसर का लाभ उठाते हुये अपनी कला को निखारना चाहिए ताकि बाजार में उन्हें उनकी सामग्री के अच्छे दाम प्राप्त हो और उनका जीवन यापन जेल के बाहर भी सरलता से हो सके। इसी उद्देश्य से दक्षता से स्वावलंबन प्रशिक्षण की पहल प्रारंभ की गई है। इस अवसर पर न्यायाधीशों बंदियों द्वारा बनाई गई सामग्रियां भी खरीदीं।

 इस अवसर पर जेल लोक अदालत खण्डपीठ प्रभारी अधिकारी श्रीमती विनीता गुप्ता, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीशान खान, जेलर श्री अक्षय सिंहोतके एवं लोक अदालत खंडपीठ के सदस्य श्री राजेंद्र कुशवाह एवं सुश्री सुमन सिकरवार तथा स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि सहित बंदी गण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments