सीहोर, 06 अप्रैल, 2026 राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक श्री रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक श्री सुदेश राय, आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजिनियर ने सीहोर के भोपाल नाका पर आयोजित कार्यक्रम में साहित्यकार, पत्रकार एवं पत्रिका समाचार पत्र के संस्थापक श्री कर्पूरचंद्र कुलिश के जन्मशति वर्ष के अवसर पर उनके नाम पर बनाए गए कर्पूरचंद्र कुलिश मार्ग का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने राजा भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि इस मार्ग का नामकरण महान साहित्यकार कर्पूरचंद्र कुलिश के नाम पर किया जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कर्पूरचंद्र कुलिश ने अपने लेखन और विचारों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी और जनमानस को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मार्ग से गुजरने वाला प्रत्येक व्यक्ति उनके आदर्शों, सादगी और सामाजिक सरोकारों से प्रेरणा लेगा। ऐसे महान व्यक्तित्वों के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण नई पीढ़ी को उनके जीवन मूल्यों से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, कलेक्टर श्री बालागुरू के., एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला, श्री रघुनाथ भाटी, श्री रवि मालवीय, श्री जसपाल अरोरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।
0 Comments