सीहोर। हाई स्कूल का परिणाम 84.90 प्रतिशत रहा, जिससे जिले ने प्रदेश में आठवां, हायर सेकेंडरी परीक्षा में 86.47 प्रतिशत के साथ जिला 11वें स्थान पर रहा
सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणामों में सीहोर के श्लोक प्रजापति ने प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने विज्ञान (गणित) संकाय में 98.60 प्रतिशत अंक हासिल कर यह उपलब्धि अपने नाम की। श्लोक नूतन स्कूल के छात्र हैं। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय ने क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले श्लोक के निवास पर पहुंचकर बधाई दी।
श्लोक ने कुल 500 में से 493 अंक प्राप्त कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पहला स्थान बनाया। उनके पिता एक मजदूर हैं, जिन्होंने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अपने बेटे की पढ़ाई में पूरा सहयोग किया। श्लोक का लक्ष्य आईएएस बनकर देश सेवा करना है।
सीहोर जिले का इस वर्ष हाई स्कूल का परिणाम 84.90 प्रतिशत रहा, जिससे जिले ने प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया। हायर सेकेंडरी परीक्षा में 86.47 प्रतिशत के साथ जिला 11वें स्थान पर रहा। जिले के अन्य मेधावी छात्रों में हाई स्कूल में भविष्य कुशवाहा रेडी ने 98?के साथ राज्य में दसवां स्थान प्राप्त किया। 12वीं कला संकाय में हर्षित जैन सिद्धिकगंज ने 96.20 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में नौवां स्थान पाया। वाणिज्य समूह में श्रुति मेवाड़ा बिलकिसगंज ने 96.40 प्रतिशत के साथ नौवां स्थान और जीव विज्ञान समूह में प्रिंसी कुशवाहा आष्टा ने 97.40 प्रतिशत के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया।
माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल ने आज हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए। परिणाम घोषित होने के शुरुआती घंटों में वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक के कारण सर्वर संबंधी समस्याएँ देखी गईं, जिससे विद्यार्थियों को परिणाम देखने के लिए इंतजार करना पड़ा।
सीहोर जिले का हाई स्कूल परीक्षा परिणाम वर्ष 2022-23 में 79 परसेंट रहा था, जो प्रदेश में दूसरा स्थान था। वर्ष 2023-24 में यह 68.32 परसेंट रहा और जिले को सातवां स्थान मिला। इस वर्ष 2024-25 में सीहोर जिले का परीक्षा परिणाम 85.54 परसेंट रहा, जिसमें प्रदेश में सातवां स्थान बरकरार रहा।
हायर सेकेंडरी परीक्षा में सीहोर जिले का परिणाम वर्ष 2022-23 में 64.97 परसेंट था, जिसमें जिले का आठवां स्थान था। वर्ष 2023-24 में यह 72.70 परसेंट रहा और प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया। जबकि वर्ष 2024-25 में जिले का परिणाम 82.92 परसेंट रहा, जिससे बारहवां स्थान मिला।

0 Comments